
शासकीय हाई स्कूल विनायठा में 15 साइकिलों के साथ 173 विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इसी प्रकार शासकीय माध्यमिक शाला गोलनी में 12 साइकिलों सहित 108 विद्यार्थियों तथा शासकीय प्राथमिक शाला बहारपुर में 20 साइकिलों के साथ 220 छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री प्रदान की गई।
इस अवसर पर श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने सार्वजनिक सम्मान समारोहों में फूल-मालाओं और गुलदस्तों से सम्मान स्वीकार करने के स्थान पर समाजोपयोगी सामग्री प्राप्त करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सम्मान करना चाहता है तो वह ऐसी सामग्री भेंट करे जो विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में सहायक हो। यही कारण है कि विभिन्न कार्यक्रमों में प्राप्त कॉपी, पुस्तकें, स्कूल बैग, पानी की बोतल, लंच बॉक्स, पेन सहित अन्य उपयोगी सामग्री अब विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तक पहुँचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से खुरई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के विद्यालयों में लगातार सामग्री वितरण का अभियान चलाया जा रहा है। इससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो रही है, जिससे उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इन सामग्रियों का सदुपयोग करें, मन लगाकर अध्ययन करें और अपने माता-पिता तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विद्यार्थियों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। दूर-दराज के गांवों से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं की सुविधा के लिए निःशुल्क साइकिल वितरण योजना संचालित की जा रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई में आने वाली दूरी की बाधा समाप्त होगी तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं नियमित रूप से विद्यालय पहुँच सकेंगे।
श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन, नाली निर्माण, खेल मैदान, ऑडिटोरियम, कपिलधारा, डबरी सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र का प्रत्येक विद्यार्थी बेहतर सुविधाओं के साथ शिक्षा प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, मंडल अध्यक्ष राजपाल सिंह, राहुल सिंह, महेश सिंह, मंडल महामंत्री पुष्पेन्द्र सिंह, प्रभात सिंह, बंटी सिंह, राहुल सिंह राजपूत, वृंदावन सिंह, बहादुर सिंह, चाली सिंह, सरपंच पुष्पेन्द्र सिंह, जगदीश सिंह, भरत सिंह(जामुनखेड़ी), राजकुमार सिंह (जामुनखेड़ी), नन्हें भाई, रामसेवक सिंह, आदर्श सिंह, दिलवार मुहास, बलवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
