
नगर निगम आयुक्त ने बाढ़ आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन कार्यों के त्वरित संचालन के लिए फायर प्रभारी सईद्रुद्दीन कुरैशी (मो. 9993481357) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। नियंत्रण कक्ष में अधिकारी एवं कर्मचारी तीन शिफ्टों में कार्य करेंगे तथा अवकाश के दिनों में भी सेवाएं निरंतर जारी रहेंगी। नागरिक किसी भी आपात स्थिति, जलभराव अथवा बाढ़ संबंधी सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 07582-224550 पर संपर्क कर सकेंगे।
निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित शिफ्ट के अनुसार समय पर उपस्थित रहें तथा अगली शिफ्ट के कर्मचारी के कार्यभार ग्रहण करने के बाद ही कर्तव्य स्थल छोड़ें। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
स्वास्थ्य विभाग को नियंत्रण कक्ष में फावड़ा, सब्बल, तसला, रस्सी सहित सफाई कार्यों में उपयोगी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा शहर के प्रमुख नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं वाहन प्रभारी को ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य आवश्यक आपदा राहत सामग्री उपलब्ध रखने के लिए कहा गया है।
इसके अतिरिक्त कार्यपालन यंत्री भवन एवं भूमि शाखा को शहर में चिन्हित खतरनाक एवं जर्जर भवनों को समय-सीमा में हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे वर्षा के दौरान किसी प्रकार की जन-धन हानि न हो। कार्यपालन यंत्री लोककर्म, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखेंगे तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
उद्यान विभाग को वर्षा एवं तेज हवा के दौरान गिरने वाले वृक्षों को तत्काल हटाने की व्यवस्था करने तथा स्टोर प्रभारी को टॉर्च, दस्ताने, बरसाती एवं अन्य आवश्यक सामग्री नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि वर्षाकाल के दौरान नागरिकों की सुरक्षा एवं राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क एवं सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
