निविदा स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा तथा निर्माण पूर्ण होने पर विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह जानकारी उन्होंने खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

विधायक भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा में प्रश्न उठाते हुए खुरई स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी कृषि महाविद्यालय के नवीन भवन, छात्रावास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के निर्माण के लिए विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी मांगी थी। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा था कि महाविद्यालय में भवन, छात्रावास एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं कब तक उपलब्ध कराई जाएंगी। मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने अपने उत्तर में बताया कि शासन द्वारा जारी प्रथम किश्त की राशि से महाविद्यालय भवन के प्रथम चरण एवं छात्रावास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में लोक निर्माण संबंधी आवश्यक औपचारिकताओं के तहत निविदा आमंत्रित करने की कार्रवाई की जा रही है। मंत्री ऐदल सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि निविदा स्वीकृत होने तथा निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद महाविद्यालय में आवश्यक शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी।
विधानसभा में इस प्रश्न के माध्यम से विधायक श्री सिंह ने क्षेत्र के कृषि विद्यार्थियों को बेहतर अधोसंरचना एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। सरकार के उत्तर से स्पष्ट हुआ कि कृषि महाविद्यालय के भवन एवं छात्रावास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है तथा इसके लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है।
*खुरई भी नए शासकीय आईटीआई की प्राथमिकता सूची में शामिल : मंत्री गौतम टेटवाल*
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने मध्यप्रदेश विधानसभा में बताया कि विभाग की नीति के अनुसार प्रत्येक विकासखंड में एक शासकीय आईटीआई प्रारंभ करना सरकार की प्राथमिकता है। खुरई विकासखंड भी विभाग की प्राथमिकता सूची में शामिल है।
यह जानकारी उन्होंने खुरई विधायक श्री सिंह द्वारा विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
विधानसभा में श्री सिंह ने खुरई नगर में नवीन शासकीय आईटीआई की स्वीकृति के लिए विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई तथा मालथौन में स्वीकृत आईटीआई भवन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने के कारणों के संबंध में सरकार से जानकारी मांगी थी। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मालथौन आईटीआई परियोजना में शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
मालथौन में नवीन आईटीआई भवन निर्माण के संबंध में मंत्री श्री टेटवाल ने बताया कि भवन निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाना है। वर्तमान में यह कार्य निविदा स्तर पर लंबित है। निविदा स्वीकृत होने, कार्यादेश (एल.ओ.ए.) जारी होने तथा अनुबंध प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के विस्तार के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य कर रही है तथा जिन विकासखंडों में अभी तक शासकीय आईटीआई नहीं हैं, वहां संस्थान स्थापित करना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। खुरई को इस प्राथमिकता सूची में शामिल किया जाना क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
