इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्य निरंतर जारी हैं और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, स्वच्छता, जल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक कार्यों के माध्यम से शहर को बेहतर बनाया जा रहा है।शहर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने में नागरिक जन सहयोग करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि संतकंवरराम वार्ड के विकास हेतु यह सड़क निर्माण कार्य अत्यंत आवश्यक था। वार्ड पार्षद द्वारा लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग लगातार की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, साथ ही क्षेत्र की स्वच्छता एवं सौंदर्य में भी वृद्धि होगी।
महापौर ने कहा कि नगर के विकास के साथ-साथ स्वच्छता भी हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, गली और मोहल्ले को स्वच्छ रखने में योगदान दें। घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को पृथक-पृथक एकत्र कर नगर निगम की कचरा गाड़ी को ही दें तथा सड़कों, नालियों अथवा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकें।
उन्होंने व्यापारियों एवं दुकानदारों से भी अपील की कि वे अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखें और दुकान से निकलने वाले कचरे का उचित निस्तारण करें। स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनसहभागिता से ही सागर शहर को स्वच्छता में अग्रणी बनाया जा सकता है।
वार्डवासियों ने सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
