
निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार की अध्यक्षता में होने वाले इस सम्मेलन में महापौर परिषद द्वारा 2025-26 के लिए अनुशंसित बजट प्रस्तुत किया जायेगा. इस सम्मेलन के लिए रखे जाने विषयों में एमपीयूडीसी द्वारा पूर्व में जलकर में प्रस्तावित वृद्धि 215 रुपए की जगह अब और बढ़ाकर 263 रुपए प्रतिमाह प्रस्तावित की गई है जिसमें प्रतिवर्ष 5 वर्ष की वृद्धि भी की जा सकती है. मालूम हो कि फिलहाल ननि द्वारा 2011-12 से उपभोक्ताओं से 150 रुपए जलकर लिया जा रहा है जिसमें अजा वर्ग को 50 प्रतिशत की छूट दी गई है. तो ऐसे ही बजट की इस बैठक में शहर में चल रही सीवर परियोजना के संचालन के लिए कार्यरत एजेंसी के द्वारा दिए गए गणना पत्रक के अनुसार उपभोक्ता शुल्क 200 रुपए प्रतिमाह एवं 5 प्रतिशत प्रतिवर्ष की वृद्धि किए जाने का प्रस्ताव अभी रखा जायेगा. मालूम हो कि इसके पूर्व ही 31 जनवरी को हुए निगम परिषद के सम्मेलन में पहले जलकर में वृद्धि करते हुए इसे 215 रुपए करने की बात आयी थी. जिसका विरोध होने पर इसे स्थगित कर दिया गया था.
अटल जी के नाम होगा वार्ड
परिषद के सम्मेलन के विषयों में नरयावली नाका वार्ड का नाम परिवर्तन कर अटलबिहारी जी वार्ड के नाम से करने का प्रस्ताव कंचन जडिय़ा द्वारा रखा गया था जिसे एमआईसी ने भी अनुशंसित किया है. ऐसे ही मॉडल स्कूल के नजदीक की बावड़ी का नाम शिव बावड़ी किए जाने और सिविल लाइन चौराहे का नामकरण भगवान परशुराम चौराहा करने का भी प्रस्ताव शामिल है.
मामले में कांग्रेस नेता अमित दुबे रामजी
का कहना है कि ननि प्रशासन शहर के लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा और अब जलकर की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव लाया जा रहा, सत्ता पक्ष के विधायक ही विस में जलापूर्ति करने वाली कंपनी को टर्मिनेट करने की मांग कर चुके हैं, जनता को भाजपा शासित निगम मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करा पा रही है.
