सागर । मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण हेतु दृष्टि योजना के अंतर्गत “पंख” कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में जिले में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत उत्कृष्ट संगठनों के अनुभवों और कार्यपद्धति के विस्तार के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय में स्वयंसेवी संस्थाओं की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने की, जबकि संचालन जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी के निर्देशन में संपन्न हुआ। बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने-अपने कार्यों और अनुभवों को साझा किया।

इस दौरान संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने प्रमुखता से सहभागिता की। उन्होंने संकल्प फाउंडेशन द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि संकल्प फाउंडेशन ने शहर के अधिकांश क्षेत्रों में स्वयंसेवकों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया है तथा कई वार्डों में संगठनात्मक संरचना को सुदृढ़ करते हुए अध्यक्षों की नियुक्ति भी की गई है। संगठन की विभिन्न पहलें—जैसे शिक्षा सहयोग, सामाजिक जागरूकता अभियान, युवा सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा कार्य को प्रशासन एवं विभिन्न संस्थानों द्वारा सराहा गया है तथा समय-समय पर पुरस्कृत भी किया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने में इन संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि “पंख” कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे संगठनों को मंच प्रदान कर उनके कार्यों को व्यापक स्तर पर विस्तार दिया जाएगा।
जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी ने भी कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंख पहल के जरिए जिले में कार्यरत संगठनों के बीच समन्वय स्थापित होगा और उनकी कार्यक्षमता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी संस्थाओं से सक्रिय भागीदारी कर इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
रिशांक तिवारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “पंख” कार्यक्रम स्वयंसेवी संगठनों के लिए एक सशक्त मंच है, जो उनके कार्यों को नई पहचान और विस्तार प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि संकल्प फाउंडेशन आगे भी समाजहित में निरंतर कार्य करता रहेगा और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर अधिक प्रभावी परिणाम देने का प्रयास करेगा।
इस अवसर पर शहर के विभिन्न प्रमुख सामाजिक संगठनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में शामिल संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों और अनुभवों को साझा करते हुए आपसी समन्वय एवं सहयोग को और सशक्त बनाने पर जोर दिया।
