2 माह में विद्युत व्यवस्था हेतु ट्रांसफार्मर का कार्य पूर्ण करने एवं पेयजल की व्यवस्था हेतु 2 हैण्डपम्प लगाने हेतु बोर कराने के दिये निर्देश
The Mayor inspected Chhatrasal Nagar located in Baghraj Ward to resolve the problems of the residents. Instructions were given to complete the work of transformer for electricity system in 2 months and to get a bore done to install 2 hand pumps for drinking water arrangement.
सागर । महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एम आईं सी सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बाघराज वार्ड स्थित छत्रसाल नगर में पिछले कई सालों से निवास कर रहे नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु मंगलवार को निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने छत्रसाल नगर के निवासियों की बिजली, पेयजल, सफाई व्यवस्था आदि समस्याओं को सुना। उन्होंने निगमायुक्त एवं संबंधित अधिकारियों को उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान छत्रसाल नगर के लोगों ने महापौर को बताया कि यहां के सभी निवासी बिजली की समस्या से परेशान हैं क्योंकि पूरे छत्रसाल नगर में किसी भी आवास पर स्थाई विद्युत कनेक्शन नहीं है सभी लोग अस्थाई विद्युत कनेक्शन लिए हुये है इसलिए छत्रसाल नगर में स्थाई विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था की जाये।

महापौर ने निगमायुक्त, प्रकाश प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छत्रसाल नगर में सभी आवासों में स्थाई विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था हेतु ट्रांसफार्मर का कार्य दो माह के अंदर पूर्ण करायें एवं पेयजल हेत सर्वे कराकर दो हैण्डपम्प हेतु बोर कराये जायें ,उन्होनें छत्रसाल नगर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिये। महापौर के निरीक्षण के उपरांत कई वर्षों से परेशान छत्रसाल नगर के निवासियों की बिजली, पानी की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा।
निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने महापौर एवं एम.आई.सी.सदस्यों के साथ छत्रसाल नगर के सभी निवासियों से कहा कि आप लोगों की जो सभी समस्यायें है उनका शीघ्र ही निराकरण किया जायेगा। अतः जिन लोगों द्वारा अस्थायी विद्युत कनेक्शन की राशि अभी जमा नहीं की है वह तत्काल जमा करें, छत्रसाल नगर में विद्युत व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु सबस्टेशन निर्माण का कार्य किया जा चुका है जिससे आप सभी लोगों को स्थायी विद्युत कनेक्शन मिल सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान महापौर प्रतिनिधि डॉ.सुशील तिवारी, एम.आई.सी.सदस्य पं.श्री विनोद तिवारी, श्री धर्मेन्द्र खटीक, श्री राजकुमार पटैल, पार्षद प्रतिनिधि श्री नरेश यादव, श्री सोमेष जड़िया, युवा भाजपा नेता रिशांक तिवारी, कार्यपालन यंत्री विजय दुबे, सहायक यंत्री संजय तिवारी, विद्युत यंत्री आसिमा तिर्की, निशांत तिवारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
