
निरीक्षण के दौरान विधायक श्री जैन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री का जायजा लिया। इस दौरान मसाले में मिट्टी मिलाकर कार्य किए जाने तथा कंक्रीट मशीन का उपयोग नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई।
निर्माण कार्य में इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर विधायक ने मौके पर ही संबंधित ठेकेदार से जानकारी ली और स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासकीय राशि से कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों के अनुसार सामग्री का उपयोग किया जाए तथा तकनीकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा : विधायक जैन
विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि क्षेत्र में नाली निर्माण का मुख्य उद्देश्य जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाना और स्थानीय नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना है। ऐसे में यदि निर्माण कार्य ही गुणवत्तापूर्ण नहीं होगा तो उसका अपेक्षित लाभ क्षेत्रवासियों को नहीं मिल पाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य जनता के हित के लिए किए जाते हैं और इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा घटिया निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने ठेकेदार को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही कराया जाए तथा जिन स्थानों पर गुणवत्ता में कमी पाई गई है, वहां आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाए।
विधायक ने निर्माण कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान स्थानीय नागरिकों को कम से कम असुविधा हो और कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं स्थायी जल निकासी की सुविधा प्राप्त हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों से भी निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि कार्य स्वीकृत प्राक्कलन एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही हो।
निरीक्षण के दौरान विधायक श्री जैन ने स्थानीय नागरिकों से भी निर्माण कार्य एवं क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। नागरिकों ने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विधायक ने संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, अमित बैसाखिया सहित स्थानीय नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
